रामगढ़. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग की टीम ने मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे गोला में कार्रवाई करते हुए अंचल अमीन सह राजस्व कर्मी बासुदेव प्रसाद को दस हजार रुपए नकद रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। अमीन को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम अपने साथ हजारीबाग ले गई।
जांच के दौरान आरोप को पाया गया सही
कुसुमडीह निवासी मोहम्मद इलियास अंसारी के जमीन की दाखिल खारिज के लिए छह माह तक परेशान करने के बाद 10 हजार रुपए लाने को कहा। इसके पूर्व भी वह उससे एक हजार रुपए ले चुका था। परेशान आवेदक ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को इस बात की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद विभाग ने मामले की जांच करायी। जिसमें आरोप सही पाया गया। फिर टीम ने सतर्क कार्रवाई के लिए रणनीति तय कर तीन अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर सादे लिबास में तहसील कार्यालय की घेराबंदी की। इसके बाद आवेदक ने जैसे ही राजस्व कर्मी को पैसे दिए घात लगाए टीम के सदस्यों ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
हजारीबाग ले गई टीम
पकड़े जाने के बाद आरोपी बासुदेव प्रसाद ने जबरदस्त विरोध किया तो केमिकल लगे नोट पकड़ने वाला हाथ को पानी भरे गिलास में डलवाया। जैसे ही हाथ गिलास में डाला गया पानी रंगीन हो गया। इसके बाद टीम में शामिल पुलिस ने उसके रूम की भी तलाशी लेने के बाद उसे अपने साथ हजारीबाग ले गई। बताया गया कि इससे पूर्व भी उक्त कर्मी मांडू में पदस्थापित रहते निगरानी के हाथ पकड़ा चुका था। इस घटना की खबर से लोगों ने जहां इस कार्रवाई का स्वागत किया है वहीं अंचल कार्यालय में दहशत मच गई है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी इसी अंचल के दो राजस्व कर्मी मनोज कुमार सिन्हा और कल्याण नायक और छोटन उरांव नामक सर्वेयर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के हाथों रंगे हाथ पकड़े गए थे।