विस चुनाव / 2019 विधानसभा चुनाव तय करेगी झारखंड की दिशा और दशा: रघुवर दास

लातेहार. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को रघुवर दास ने लातेहार के मनिका और लोहरदगा में में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2019 का विधानसभा चुनाव झारखंड की दशा और दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि 2014 विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान पूर्ण बहुमत के बदले झारखंड को संपूर्ण विकास देने का वादा किया था जिसे निभाया गया है। वहीं लोहरदगा में रघुवर दास ने कहा कि लोहरदगा में काफी बॉक्साइट है। आप हमें अपना आशीर्वाद दीजिए, हम लोहरदगा में एल्यूमिनियम बॉक्साइट का कारखाना लगाएंगे। यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा, क्षेत्र में समृद्धि आएगी। लोहरदगा को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बाईपास बनाया जाएगा। चुनाव बाद लोहरदगा में बाईपास का काम शुरू हो जाएगा, ताकि हमारे शहर में आने वाले लोगों को परिवहन की दिक्कत न हो। इस दौरान मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, लातेहार से प्रकाश राम, मनिका से रघुपाल सिंह, लोहरदगा से सुखदेव भगत, बिशुनपुर से अशोक उरांव, गुमला से मिश्रित कुजूर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी मौजूद रहे।


19 में से 14 वर्ष राजनीतिक अस्थिरता के चलते राज्य के लोगों की अाकांक्षाएं पूरी नहीं हुई: रघुवर
रघुवर दास ने अपने संबोधन में कहा कि अमित शाह ऐसे गृहमंत्री बने हैं जिन्होंने जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए खत्म किया। मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से आजादी दिलवाई। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद 19 वर्ष में 14 वर्ष राजनीतिक स्थिरता के कारण राज्य के लोगों की आकांक्षा और आशा पूरी नहीं हो पाई। इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 के विधानसभा चुनाव के बाद पूरा किया जा रहा है। पांच साल में पीएम मोदी ने नेतृत्व में विकास और शांति-सुरक्षा के काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लातेहार, पलामू, गढ़वा के कई इलाके उग्रवाद से प्रभावित थे। पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद इन क्षेत्र में विकास को पहुंचाया जा रहा है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पुल बनाए जा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार सौभाग्य योजना के जरिए उग्रवाद क्षेत्र में घरों में बिजली पहुंचाने का काम कर रही है। शहरों की तरह गांव में भी स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है।


2022 तक घर-घर पीने का पानी पहुंचाने के लक्ष्य: रघुवर
रघुवर दास ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2024 तक झारखंड के घर-घर में पाइप लाइन के जरिए पाने का पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसे हम 2022 तक पूरा करना चाहते हैं। डबल इंजन की सरकार ने 33 लाख घरों तक चूल्हा और डबल सिलेंडर पहुंचाने का काम किया है। पीएम आवास योजना के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण इलाकों में पांच लाख से ज्यादा गरीबों तक आवास पहुंचाया गया है। 14 साल स्थानीय नीति पर झामुमो और कांग्रेस जनता को गुमराह करते रहे। डबल इंजन की सरकार बनने के बाद हमने स्थानीय नीति बनाई और उस स्थानीय नीति में अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में 10 साल के लिए थर्ड ग्रेड और फोर्थ ग्रेड की नौकरी को आरक्षित करने का काम कियादेश को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को आगे बढ़ाना है, तो महिला शक्ति को आगे बढ़ाना होगा। झारखंड में भाजपा की सरकार ने 2 लाख 17 हजार सखी मंडल के जरिये स्वरोजगार देकर महिलाओं को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मां-बहनों को मदद पहुंचाई गई। झारखंड में उज्ज्वला योजना के साथ भाजपा सरकार ने फ्री रिफिलिंग की भी सुविधा दी। साथ ही एक रुपए में महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री की शुरुआत की। 


मोदी के नेतृत्व में झारखंड ने नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और वंशवाद पर करारा प्रहार किया: रघुवर
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में झारखंड ने नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और वंशवाद पर करारा प्रहार किया है। लातेहार में 2014 से पहले नक्सलवाद कितना हावी था, लेकिन भाजपा सरकार ने नक्सलवाद पर लगाम लगाई और आज आप 24 घंटे कहीं भी आ-जा सकते हैं। 14 साल की राजनीतिक अस्थिरता ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। भाजपा सरकार ने सबसे पहले स्थानीय नीति परिभाषित की, जिससे सरकारी नौकरियों में झारखण्ड के युवाओं को लाभ मिलने लगा। आज झारखंड में सभी अराजपत्रित नौकरियां झारखंडवासियों के लिए आरक्षित हैं। स्थानीय नीति नहीं बनी थी, तो स्कूलों में भर्तियां नहीं हो पा रही थीं। भाजपा की सरकार ने पिछले 5 साल में 30 हजार से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति की। 1200 दारोगा और 8 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है। 35 साल से वनों की रक्षा भगवान भरोसे थी, वनरक्षियों की नियुक्ति ही नहीं हो रही थी। भाजपा सरकार ने वन आरक्षियों की नियुक्ति शुरू की। युवाओं को कौशल विकास की ट्रेनिंग दिलाई, मुद्रा लोन का लाभ दिलाया और उन्हें स्वरोजगार से जुड़ने में मदद की।  प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और झारखंड की महिलाओं ने इस पर पूरा विश्वास जताया। आज झारखंड में 2 लाख से ज्यादा सखी मंडल हैं और 20 लाख बहनों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं।